जनवरी 12, 2025 9:25 अपराह्न | KALAGRAM | Mahakumbh | Mahakumbh 2025

printer

केन्द्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने महाकुंभ नगर में कलाग्राम का किया उद्घाटन

केन्द्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने आज शाम प्रयागराज के महाकुंभ नगर में कलाग्राम का उद्घाटन किया। संस्कृति मंत्रालय ने कलाग्राम बनाया है, जिसमें देश की समृद्ध और जीवंत संस्कृति को प्रदर्शित किया जाएगा।

श्री शेखावत ने बाद में संवाददाताओं को बताया कि कलाग्राम में शिल्प, व्यंजनों और संस्कृति के माध्यम से भारत की समृद्ध विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अगले 45 दिनों में कलाग्राम में 14 हजार छह सौ से अधिक कलाकार प्रस्तुति देंगे। श्री शेखावत ने बताया कि कलाग्राम में भारत की संस्कृति, विविधता और विरासत को एक ही स्थान पर प्रदर्शित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यह, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के बारे में जानने का अवसर प्रदान करता है

श्री शेखावत ने कहा कि महाकुंभ एकता और भक्ति का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि महाकुंभ के 45 दिनों के दौरान मेले में लगभग 45 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने की आशा है। श्री शेखावत ने बताया कि महाकुंभ में 15 लाख विदेशी पर्यटकों के आने की आशा है। उन्होंने यह भी बताया कि पर्यटन मंत्रालय ने महाकुंभ में कई तरह के टूर पैकेज और लग्जरी आवास की व्यवस्था की है। पर्यटकों के लिए टेंट सिटी में 80 लग्जरी टेंट भी लगाए गए हैं।