केन्द्रीय वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉक्टर अरविंद पनगढ़िया के नेतृत्व में बारह सदस्यीय दल आज शाम बस्तर के संभागीय मुख्यालय जगदलपुर पहुंचा। यहां मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों ने डॉक्टर पनगढ़िया और दल के अन्य सदस्यों का स्वागत किया। यह दल आज चित्रकोट क्षेत्र का भ्रमण करेगा। वहीं, कल जगदलपुर जिला कार्यालय में पंचायत प्रतिनिधियों के साथ मुलाकात कर चर्चा की जाएगी। इससे पहले, केन्द्रीय वित्त आयोग के दल ने आज अपने छत्तीसगढ़ दौरे के दूसरे दिन नवा रायपुर में उद्योग और वाणिज्य संगठनों के प्रतिनिधियो के साथ चर्चा की। आयोग के अध्यक्ष और सदस्यों ने आज नवा रायपुर में निर्माणाधीन रेल्वे स्टेशन, केपिटल कम्पलेक्स स्थित इंटिग्रेटेड कमाण्ड कंट्रोल सेंटर और जंगल सफारी का भी अवलोकन किया। वहीं, बीती शाम वित्त आयोग के सदस्यों ने रायपुर स्थित नालंदा परिसर की लाईब्रेरी का भी अवलोकन किया और विद्यार्थियों से बातचीत की।