केन्द्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने आज नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड 2026 के सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग दस्ता और सर्वश्रेष्ठ झांकी पुरस्कार प्रदान किए। राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की झांकी श्रेणी में, महाराष्ट्र को गणेशोत्सव: आत्मनिर्भरता का प्रतीक के लिए सर्वश्रेष्ठ झांकी का पुरस्कार मिला। इसके बाद जम्मू कश्मीर तथा केरल का स्थान रहा। तीनों सेनाओं में, भारतीय नौसेना को सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग दस्ते का पुरस्कार मिला। वहीं, दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और अन्य सहायक बलों की श्रेणी में पुरस्कार प्राप्त किया।
केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों में, संस्कृति मंत्रालय को वंदे मातरम – राष्ट्र की आत्मा की पुकार के लिए सर्वश्रेष्ठ झांकी का पुरस्कार मिला। केंद्रीय लोक निर्माण विभाग को वंदे मातरम -150 वर्ष स्मरणोत्सव और एक नृत्य समूह को वंदे मातरम: भारत की शाश्वत गूंज के लिए विशेष पुरस्कार दिया गया।
माईगॉव के एक सर्वेक्षण पर आधारित लोकप्रिय पसंद पुरस्कारों में असम रेजिमेंट और सीआरपीएफ को सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग दल का पुरस्कार मिला। वहीं, गुजरात को सर्वश्रेष्ठ झांकी का पुरस्कार मिला, जिसके बाद उत्तर प्रदेश और राजस्थान का स्थान रहा। स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग ने केंद्रीय मंत्रालयों की श्रेणी में शीर्ष स्थान प्राप्त किया।