केन्द्रीय पोत परिवहन, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कल मुम्बई में अधिकारियों के साथ व्यापक समीक्षा बैठकें कीं। मौजूदा स्थिति को देखते हुए श्री सोनोवाल ने प्रमुख समुद्री परियोजनाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को सामान्य व्यापारिक गतिविधियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया । उन्होंने माल की सुचारू और नियमित आवाजाही सुनिश्चित करने के उपायों की भी समीक्षा की।
मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले प्रमुख संगठनों भारतीय नौवहन निगम, जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह प्राधिकरण, इंडियन पोर्ट रेल एंड रोपवे कॉर्पोरेशन लिमिटेड, इंडिया पोर्ट्स ग्लोबल लिमिटेड, नौवहन महानिदेशालय और मुंबई पत्तन प्राधिकरण ने भी बैठक में भाग लिया।
श्री सोनोवाल ने गुजरात के लोथल में राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर की प्रगति की भी समीक्षा की। यह मंत्रालय की प्रमुख पहलों में से एक है।
जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह प्राधिकरण के अध्यक्ष उन्मेश वाघ और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वधावन में ग्रीनफील्ड मेगा पोर्ट परियोजना की गहन समीक्षा की गई।