ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज नई दिल्ली में एक उच्चस्तरीय बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना – पीएमजीएसवाई की प्रगति की समीक्षा की। मंत्रालय ने एक वक्तव्य में बताया कि बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री को पीएमजीएसवाई की राज्यवार प्रगति को लेकर जानकारी दी गई। इस बैठक में पूर्वोत्तर राज्यों और छत्तीसगढ़ सहित वामपंथ चरमपंथवाद प्रभावित क्षेत्रों पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित किया गया।
ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अधिकारियों को पूर्वोत्तर क्षेत्र में विकास कार्य को तीव्र करने के निर्देश दिए। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वे इस क्षेत्र में एक समर्पित समीक्षा बैठक की जल्द अध्यक्षता करेंगे। उन्होंने कार्य की गति को तेज करने और राज्य सरकारों के साथ समन्वय में किसी प्रकार की चुनौती का शीघ्र समाधान करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि समेकित ग्रामीण विकास को समर्थन देने वाले टिकाऊ बुनियादी ढांचे को सुनिश्चित करते हुए सभी सड़क निर्माण परियोजनाओं में उच्च गुणवत्ता मानकों का पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूरा किया जाना चाहिए।
इस बैठक में राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के साथ दिसंबर महीने में पीएमजीएसवाई की 25वीं वर्षगांठ को मनाने संबंधी योजनाओं पर चर्चा भी की गई। ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पीएमजीएसवाई को एक ऐतिहासिक पहल बताया। इस पहल ने ग्रामीण भारत में महत्वपूर्ण बदलाव किया है।