वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल आर्थिक और व्यापारिक साझेदारी को मज़बूत करने के लिए कल से जर्मनी की यात्रा पर रवाना होंगे। यह यात्रा जर्मनी के साथ भारत के संबंध को प्रगाढ़ करने में महत्वपूर्ण साबित होगी। इस वर्ष भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी की 25वीं वर्षगांठ है।
यात्रा के दौरान वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल जर्मनी की ऊर्जा मंत्री कैथरीना रीचे के साथ उच्च स्तरीय द्विपक्षीय बैठक करेंगे। बैठक के दौरान दोनों देशों की आर्थिक साझेदारी को मज़बूत करने और व्यापार तथा निवेश सहयोग को बढ़ाने पर चर्चा होगी। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल तीसरे बर्लिन ग्लोबल डायलॉग में भी शामिल होंगे।
यात्रा के दौरान प्रमुख जर्मन कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ बैठकें होंगी। इसके अलावा वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल जर्मन मिटेलस्टैंड कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों और प्रमुखों के साथ गोलमेज सम्मेलन की अध्यक्षता भी करेंगे। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल व्यापार संबंधों को मजबूत करने के लिए लक्ज़मबर्ग के उप प्रधानमंत्री जेवियर बेटेल के साथ बैठक भी करेंगे।