संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि वर्तमान केन्द्रीय बजट निरंतरता, स्थिरता और सतत विकास को दर्शाता है। शिमला में केंद्रीय बजट पर संवाद कार्यक्रम में उन्होंने आज ये बात कही।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों से विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में निरंतर प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी के बाद भारत ने प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में विश्व अर्थव्यवस्था में चौथा स्थान प्राप्त कर लिया है। श्री शेखावत ने कहा कि कर राजस्व में राज्यों की हिस्सेदारी 31 प्रतिशत से बढ़ाकर 41 प्रतिशत कर दी गई है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को प्रधानमंत्री ग्राम सडक योजना के अंतर्गत छह हजार नौ सौ करोड़ रुपये दिए गए हैं।