मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

मार्च 13, 2024 3:11 अपराह्न

printer

केन्द्रीय पंचायती राज्य मंत्री कपिल मोरेश्वर पाटिल रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय महा-पंचायत सम्मेलन में शामिल हुए

केन्द्रीय पंचायती राज्य मंत्री कपिल मोरेश्वर पाटिल आज रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय महा-पंचायत सम्मेलन में शामिल हुए। इस मौके पर श्री पाटिल ने कहा कि सरपंच गांव के विकास की चाबी है। ग्रामीणों ने बड़ी उम्मीद से भरोसा कर गांव के विकास की चाबी सरपंचों को सौंपी है। श्री पाटिल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पूरा ध्यान और जोर गांवों के विकास पर है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ग्राम पंचायतों के डिजिटलीकरण पर जोर दे रही है। कई पंचायतें अपना काम ऑनलाइन कर रही है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों को मेरी पंचायत ऐप डाउनलोड कर इसका उपयोग करने को कहा। सम्मेलन को उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम के दौरान केन्द्रीय राज्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के 15 हजार से अधिक हितग्राहियों के खातों में आवास निर्माण के लिए उनचास करोड़ इक्कीस लाख रूपए की राशि अंतरित की। वहीं, केन्द्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत बस्तर और सरगुजा संभाग के अनुसूचित क्षेत्रों की छह सौ पंचायतों में कम्प्यूटर के लिए तीन करोड़ रूपए की राशि जारी की। इसी तरह, राज्य की आठ सौ तैंतीस ग्राम पंचायतों में ज्ञानोदय वाचनालय की स्थापना के लिए पच्चीस करोड़ रूपए की राशि का अंतरण किया।

सम्मेलन में सतत् विकास लक्ष्यों के स्थानीयकरण के विशिष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को नौ थीम पर सम्मानित किया गया। इनमें आजीविका उन्नत ग्राम पंचायत के लिए ग्राम पंचायत नागम, स्वस्थ ग्राम पंचायत के लिए सांकरा, बाल हितैषी ग्राम पंचायत के लिए निलजा, जल की प्रचुरता ग्राम पंचायत के लिए बाघनदी, स्वच्छ और हरित ग्राम पंचायत के लिए जोंकबाला, आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचा ग्राम पंचायत के लिए अजवाल, सामाजिक रूप से सुरक्षित ग्राम पंचायत के लिए पिकरीपारा, सुशासन ग्राम पंचायत के लिए खडगवांकला और महिला हितैषी ग्राम पंचायत के लिए ग्राम पंचायत कुथरेल को सम्मानित किया गया।