केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव के लिए राजनीतिक दलों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। राजनीतिक पार्टियां मतदाताओं को लुभाने के लिए और अपने प्रचार के लिए विभिन्न स्थानों पर सभाओं का आयोजन कर रही हैं। इसी कड़ी में भाजपा ने चन्द्रापुरी के स्यालसौड में अनुसूचित जाति स्वाभिमान सम्मेलन का आयोजन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी धरातल पर काम करती है, जबकि कांग्रेस सिर्फ बातें करती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले से ही अपनी हार का डर सताने लग गया है। श्री धामी ने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार आने के बाद से ही पिछड़ों और अनूसूचित जाति, जनजाति के समाज को आगे बढ़ाने के लिए बजट बढ़ाया गया। क्षेत्र में अनुसूचित बस्ती में किए जा रहे 100 से अधिक विकास कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा ने अनुसूचित जाति, जनजाति के उत्थान के लिए कृत संकल्पित है। वहीं, कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दल भी केदारनाथ उपचुनाव के लिए अपने प्रचार अभियान को गति दे रहे हैं।