नवम्बर 1, 2024 9:17 अपराह्न

printer

केदारनाथ और बदरीनाथ में भी आज दीपावली उत्सव की धूम

देशभर में पांच दिवसीय दीपोत्सव का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। प्रदेश के बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ देखी गई। इस अवसर पर कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया- कैट के राष्ट्रीय महामंत्री और सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि अब तक 4 लाख 25 हजार करोड़ रुपये का व्यापार हो चुका है, जो कि एक रिकॉर्ड है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत बनी रहेगी।

 
वहीं, राज्य के पर्वतीय अंचल में आज भी दीपावली का त्योहार पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। उमंग और उत्साह के इस त्योहार को मनाने के लिए लोग घरों में पूरी-पकोड़ी और विभन्न प्रकार के व्यंजन बना रहे हैं। साथ ही लोग बाजारों से मिठाईयां, खिल-बताशे, दीये, बाती, मोमबत्ती तथा अन्य जरूरी सामान की खरीददारी कर रहे हैं।

केदारनाथ और बदरीनाथ में भी आज दीपावली उत्सव की धूम है। इस मौके पर दोनों धामों को कई क्विंटल रंग बिरंगे फूलों से सजाया गया है।

वहीं, कल प्रदेशभर में गोवर्धन पूजा का त्योहार मनाया जाएगा। दीपावली के अगले दिन कार्तिक मास की शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा को मनाये जाने वाले इस त्योहार में गायों की पूजा की जाती है। गोवर्धन पूजा पर्व को अन्नकूट पर्व के नाम से भी जाना जाता है। इसके साथ ही राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में दीपावली के 11 दिन बाद इगास-बग्वाल मनाई जाएगी।