केदारनाथ उपचुनाव के लिए राजनैतिक पार्टियों का चुनावी सभा और रैलियों का दौर चरम पर है। भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी आशा नौटियाल के समर्थन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित अन्य बड़े नेता और कार्यकर्ता रुद्रप्रयाग पहुंच रहे हैं। चोपता में आशा नौटियाल के समर्थन में मुख्यमंत्री ने कल दो जन सभाओं को संबोधित किया।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि सनातन धर्म पर हमेशा सवाल खड़ी करने वाली कांग्रेस अब चुनाव के समय जनता को भ्रमित कर रही है। उन्होंने कांग्रेस पर केदारनाथ धाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया।
इस बीच, कांग्रेस प्रत्याशी मनोज रावत विभिन्न स्थानों पर जन संपर्क कर अपने पक्ष में वोट मांग रहे हैं। श्री रावत का आज केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के 19 स्थानों पर जन संपर्क करने का कार्यक्रम है। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कल विभिन्न स्थानों पर जनसंपर्क और नुक्कड़ सभा कर कांग्रेस के पक्ष में जनता से समर्थन मांगा।