केंद्र सरकार ने इस वित्तीय वर्ष के दौरान मध्य प्रदेश, पंजाब और तेलंगाना में पंचायती राज संस्थानों, ग्रामीण स्थानीय निकायों को सुदृढ़ करने के लिए 15वें वित्त आयोग के अनुदान के रूप में 1100 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि जारी की है। मंत्रालय ने बताया कि मध्य प्रदेश के लिए, वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए अप्रतिबंधित निधि की दूसरी किस्त के रूप में 652 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि जारी की गई है। इस निधि से राज्य की सभी 52 पात्र जिला पंचायतों, 312 पात्र ब्लॉक पंचायतों और 23 हजार से अधिक पात्र ग्राम पंचायतों को लाभ होगा।
पंजाब के लिए भी 222 करोड़ रुपये की धनराशि चालू वित्तीय वर्ष के लिए अप्रतिबंधित निधि की पहली किस्त जारी की गई है। यह निधि राज्य भर की 13 हजार से अधिक पात्र ग्राम पंचायतों, 150 पात्र ब्लॉक पंचायतों और 22 पात्र जिला पंचायतों के लिए सहायक होगी। इसके अलावा, तेलंगाना के लिए वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए अप्रतिबंधित निधि की पहली किस्त के रूप में 256 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि जारी की गई है। इससे 12 हजार से अधिक पात्र ग्राम पंचायतों को लाभ होगा।