केंद्र सरकार ने सिंधु जल संधि को खत्म करने के बाद एक बड़े फैसले में, उधमपुर और रामबन जिलों में चिनाब नदी पर सावलकोट हाइड्रोइलेक्ट्रिक परियोजना पर काम शुरू करने का आदेश दिया है। सरकार ने इस परियोजना को फिर से शुरू करने की घोषणा पिछले वर्ष अक्टूबर में की थी।
लगभग चार दशकों से रूकी हुई यह परियोजना, चिनाब बेसिन में भारत की सबसे बड़ी पनबिजली योजनाओं में से एक है। सावलकोट हाइड्रोइलेक्ट्रिक परियोजना की निर्माण लागत 5 हजार एक सौ 29 करोड़ रुपये आंकी गई है।
नेशनल हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड ने उधमपुर और रामबन जिलों में परियोजना के निर्माण के लिए पिछले सप्ताह बोलियां आमंत्रित की थी। इसे दो चरणों में बनाया जाना है।
इसे चिनाब नदी पर ऊपरी तरफ बगलिहार परियोजना और नीचे की तरफ सलाल परियोजना के बीच स्थित एक रन-ऑफ-द-रिवर योजना के रूप में डिजाइन किया गया है। इस परियोजना को पूरा होने में लगभग नौ साल लगने की उम्मीद है।