जुलाई 1, 2024 8:36 अपराह्न

printer

केंद्र सरकार किसानों और कृषि क्षेत्र के हित में छत्तीसगढ़ को हर संभव सहायता प्रदान करती रहेगीः शिवराज सिंह चौहान

 

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि केंद्र सरकार किसानों और कृषि क्षेत्र के हित में छत्तीसगढ़ को हर संभव सहायता प्रदान करती रहेगी। श्री चौहान ने कृषि क्षेत्र की तीव्र प्रगति के लिए राज्यवार चर्चा शुरू की है। इसके तहत उन्होंने नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम सहित एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की। चर्चा के दौरान छत्तीसगढ़ में दलहन, तिलहन और बागवानी को बढ़ावा देने के साथ ही कृषि और किसान कल्याण से जुड़े कई विषयों पर चर्चा हुई। श्री चौहान ने कहा कि किसानों और कृषि क्षेत्र का हित सर्वोपरि है।

 

    श्री चौहान ने छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, दलहन, तिलहन, बागवानी, नमो ड्रोन दीदी और ऑयल पाम मिशन सहित कृषि मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के बारे में चर्चा की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के किसानों को केन्द्र की ओर से किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होने दी जायेगी।