जनवरी 2, 2026 9:29 अपराह्न

printer

केंद्र–राज्य समन्वय से परियोजना बाधाएँ दूर करने का प्रभावी मंच है प्रगति: कैबिनेट सचिव टी.वी. सोमनाथन

कैबिनेट सचिव टी.वी. सोमनाथन ने कहा है कि सक्रिय शासन व्‍यवस्‍था और नीतियों का समयबद्ध कार्यान्‍वयन सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री के प्रमुख कार्यक्रम प्रगति ने बड़ी परियोजनाओं को लागू करने की दिशा में तेजी लाने का काम किया है।

आज नई दिल्‍ली में प्रगति की 50वीं बैठक के बारे में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए श्री सोमनाथन ने कहा कि प्रगति की 50वीं बैठक में 85 लाख करोड़ रुपये मूल्‍य की तीन हजार तीन सौ परियोजनाओं की समीक्षा की गई। उन्‍होंने बताया कि एक राष्‍ट्र एक राशनकार्ड और प्रधानमंत्री जन आरोग्‍य योजना समेत 61 सरकारी योजनाओं की भी समीक्षा की गई।

कैबिनेट सचिव ने कहा कि प्रगति की प्रणाली से विभिन्‍न परियोजनाओं से जुडे सात हजार सात सौ 35 मुद्दों में से सात हजार एक सौ 56 मुद्दों का समाधान कर लिया गया है। उन्‍होंने बताया कि प्रगति से जम्‍मू-उधमपुर-श्रीनगर बारमुला रेल लिंक परियोजना तथा ब्रह्मपुत्र नदी पर बोगीबील रेल और सड़कपुल जैसी महत्‍वपूर्ण परियोजनाएं शुरू करने में मदद मिली है।

श्री सोमनाथन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने देश की सार्वजनिक परियोजनाओं और योजनाओं के लिए व्‍यापक समाधान के रूप में प्रगति मंच की परिकल्‍पना की थी। उन्‍होंने बताया कि यह प्रणाली दस वर्ष से चल रही है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रगति का उद्देश्‍य बुनियादी सुविधाओं की महत्‍वपूर्ण परियोजनाओं के रास्‍ते में आने वाली दिक्‍कतों को तेजी से दूर करने के लिए केंद्र और राज्‍य सरकारों के बीच समन्‍वय बढ़ाना है।