केंद्र ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को नकली और घटिया उर्वरकों के मुद्दे पर तत्काल और सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस बारे में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों को एक पत्र लिखा है। यह पत्र देश भर में नकली उर्वरकों की बिक्री, सब्सिडी वाले उर्वरकों की कालाबाजारी और जबरन टैगिंग जैसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जारी किया गया है। श्री चौहान ने कहा कि कृषि भारत की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसानों की आय में स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए उन्हें सही समय पर और उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराना आवश्यक है।
मंत्री ने कहा कि यह राज्यों की जिम्मेदारी है कि वे सही स्थानों और ज़रूरत पड़ने पर उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें। श्री चौहान ने राज्यों से दोषियों के खिलाफ लाइसेंस रद्द करने और एफआईआर दर्ज करने सहित सख्त कानूनी कार्रवाई करने को कहा। मंत्री ने सभी राज्यों से नकली और घटिया कृषि आदानों की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए राज्यव्यापी अभियान शुरू करने का आग्रह किया। उन्होंने आगे कहा कि राज्य स्तर पर इस कार्य की नियमित निगरानी से किसानों के हित में प्रभावी और स्थायी समाधान निकलेगा।।