केंद्र सरकार पंजाब में सीमा पर सुरक्षा बाड़ को अंतरराष्ट्रीय सीमा के करीब स्थानांतरित करने के लिए सहमति हो गई है। इस कदम से बाड़ के बाहर स्थित हजारों एकड़ कृषि भूमि पर खेती का मार्ग प्रशस्त होगा, जिससे पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। पंजाब की पाकिस्तान के साथ 532 किलोमीटर लंबी सीमा लगती है। वर्तमान में, सीमा पर हजारों एकड़ भूमि पर खेती करने वाले किसानों को सुरक्षा कारणों से सीमा सुरक्षा बल की कड़ी निगरानी में सीमित समय के लिए बाड़ पार करनी पड़ती है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि बाड़ को सीमा की ओर स्थानांतरित करने पर विचार किया जा रहा है। जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता किए बिना पंजाब की भूमि फिर से सुलभ सीमा के अंतर्गत आ जाएगी।