मार्च 11, 2026 9:46 अपराह्न

printer

केंद्र के अवसंरचना कार्यक्रमों से स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि केंद्र सरकार के शुरू किए गए अवसंरचना विकास कार्यक्रमों से स्थानीय लोगों के लिए संपर्क सुविधा में सुधार होगा और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

श्री मोदी ने आज तिरुचिरापल्ली के पंजप्पुर में एक कार्यक्रम में तमिलनाडु में पांच हजार छह सौ पचास करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्‍यास किया। प्रधानमंत्री ने दो अमृत भारत एक्सप्रेस, दो नियमित एक्सप्रेस और एक यात्री रेलगाड़ी सहित पांच नई रेल सेवाओं को झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने नीलगिरी और इरोड जिलों में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के सिटी गैस वितरण नेटवर्क की आधारशिला रखी। इस पर लगभग तीन हजार छह सौ अस्‍सी करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया गया है। उन्होंने चेन्नई के मनाली में एक हजार चार सौ 90 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित 672 हजार मीट्रिक टन प्रति वर्ष की क्षमता वाले इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के ल्यूब ब्लेंडिंग प्लांट का भी लोकार्पण किया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत, श्री मोदी ने तमिलनाडु में 370 किलोमीटर लंबी 89 ग्रामीण सड़कों का भी उद्घाटन किया। उन्होंने राष्‍ट्रीय राजमार्ग संख्‍या-81 पर गंगईकोंड चोलपुरम के पास एक ग्रीनफील्ड बाईपास की आधारशिला भी रखी।

श्री मोदी ने कहा कि सरकार राज्य के विकास के लिए दिन-रात काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य एक विकसित तमिलनाडु बनाना है, जिससे एक विकसित राष्ट्र का निर्माण होगा। श्री मोदी ने कहा कि तमिलनाडु के नीलगिरि और इरोड जिलों में पाइपलाइन के जरिए प्राकृतिक गैस कनेक्शन परियोजना से पर्यावरण के अनुकूल सकारात्मक वातावरण बनेगा।

बाद में श्री मोदी ने राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु की जनता राज्य में परिवर्तन और वंशवाद का अंत करना चाहती है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु की सत्तारूढ़ डीएमके सरकार भ्रष्ट है और हर क्षेत्र में विफल रही है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु की जनता को दृढ़ विश्वास है कि केवल राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार ही राज्य में सर्वश्रेष्ठ शासन दे सकती है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला