केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह आज नई दिल्ली में भारत के पहले सहकारी राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म भारत टैक्सी का शुभारंभ करेंगे। यह सहकारी क्षेत्र को मजबूत करने और देश में समावेशी, नागरिक-केंद्रित परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। सहकारिता मंत्रालय ने कहा है कि यह प्लेटफॉर्म सारथी कहे जाने वाले चालकों को स्वामित्व, संचालन और मूल्य सृजन के केंद्र में रखेगा।
भारत टैक्सी शून्य कमीशन और बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के मूल्य निर्धारण मॉडल पर काम करेगा, जिसमें चालकों को सीधा लाभ होगा। मंत्रालय ने बताया कि भारत टैक्सी स्वास्थ्य बीमा, दुर्घटना बीमा, सेवानिवृत्ति बचत और एक समर्पित चालक सहायता प्रणाली के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा को प्राथमिकता देता है। मंत्रालय ने कहा कि बाइक दीदी जैसी पहल लागू की जा रही हैं, जिसके अंतर्गत अब तक 150 से अधिक महिला चालक भारत टैक्सी से जुड़ चुकी हैं।