फ़रवरी 22, 2026 9:04 अपराह्न

printer

केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्रामीण डाक सेवकों को ग्रामीण भारत की रीढ़ बताते हुए उनकी सराहना की

केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्रामीण डाक सेवकों को ग्रामीण भारत की रीढ़ बताते हुए उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि देश के 6 लाख 30 हजार गांवों तक अंतिम छोर तक संपर्क सुनिश्चित करने में डाक सेवकों की अहम भूमिका है।

आंध्र प्रदेश के गुंटूर में आयोजित ग्रामीण डाक सेवक सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री सिंधिया ने कहा कि ग्रामीण डाक सेवक गर्मी, बारिश, चक्रवात और यहां तक ​​कि कश्मीर के बर्फ से ढके क्षेत्रों में भी देश की सेवा करते हैं। उन्होंने डाक सेवकों को “भारत माता के सबसे चमकते रत्नों में से एकबताया और उनकी भूमिका की तुलना मानव शरीर में जीवन को बनाए रखने वाले रक्त प्रवाह से की।

श्री सिंधिया ने कहा कि लगभग तीन लाख ग्रामीण डाक सेवक देश भर में सेवा दे रहे हैं और सरकार तथा नागरिकों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी बने हुए हैं। वित्तीय समावेशन में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उनके प्रयासों से इंडिया पोस्ट 38 करोड़ डाक खाते खोलने में सक्षम हुआ है और 22 लाख करोड़ रुपये का कोष जुटाया है। इस अवसर पर आंध्र प्रदेश डाक सर्कल में कार्यरत ग्रामीण डाक सेवकों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय संचार राज्य मंत्री डॉ. पी. चंद्रशेखर, जन प्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।