जुलाई 23, 2024 8:46 अपराह्न

printer

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज लोकसभा में वर्ष 2024-25 का आम बजट पेश किया

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज लोकसभा में वर्ष 2024-25 का आम बजट पेश किया। यह नरेन्द्र मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का पहला पूर्ण बजट है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस बजट को कृषि और रोजगार के क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक बताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय उन्नत ग्राम योजना से जनजाति समाज के तिरसठ हजार गांव और पांच करोड़ लोगों को फायदा मिलेगा। इससे छत्तीसगढ़ के आदिवासी क्षेत्रों को भी काफी लाभ होगा।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि केंद्र सरकार का यह बजट गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के विकास का एक नया अध्याय लिखेगा।
दूसरी ओर, कांग्रेस ने इस बजट की आलोचना करते हुए कहा कि इसमें आय असमानता को दूर करने के लिए कुछ नहीं किया गया है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक्स पर लिखा कि बजट में बिहार और आंध्रप्रदेश का जिक्र बार-बार हुआ है, जिससे पता चलता है कि सरकार ने इन दो राज्यों के लिए खजाना खोल दिया है। वहीं, अन्य राज्यों के साथ ही छत्तीसगढ़ के साथ भेदभाव किया गया है।
वहीं, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि केन्द्र सरकार का बजट देश को जनता को निराश करने वाला है। बजट में निम्न और मध्यम वर्ग पर भार डाला गया है।