केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री, सर्बानंद सोनोवाल ने नागालैंड की जलमार्ग क्षमता को बढ़ाने के उद्देश्य से कई बड़ी घोषणाएं की हैं। उन्होंने आज नागालैंड के चुमौकेदिमा में भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण द्वारा आयोजित सम्मेलन में ये घोषणाएं की।
सम्मेलन में नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो, उप मुख्यमंत्री, यानथुंगो पैटन, पर्यटन मंत्री तेमजेन इम्ना अलोंग, लोकसभा सांसद एस एस जमीर, राज्यसभा सांसद फांगनोन कोन्याक सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
श्री सोनोवाल ने तिज़ू-ज़ुंकी – राष्ट्रीय जलमार्ग 101 को भी विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नागालैंड के आर्थिक विकास के उद्देश्य से तिज़ु ज़ुंकी नदी का कार्गो तथा यात्रियों के आवागमन के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।
श्री सोनोवाल ने सामुदायिक घाटों के साथ-साथ रो पैक्स घाटों की व्यवहारिकता का अध्ययन करने के साथ डोयांग नदी झील की विशाल पर्यटन क्षमता को विकसित करने के लिए पहल करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे राज्य की पर्यटन क्षमता को बढ़ावा मिलेगा।