केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज नई दिल्ली में ब्राजील के कृषि मंत्री कार्लोस फवारो के साथ मुलाकात की। मीडिया से बात करते हुए श्री चौहान ने कहा कि बैठक के दौरान ब्राजील के कृषि मंत्री और उनकी टीम के साथ कृषि क्षेत्र में उपयोगी चर्चा हुईं। उन्होंने बताया कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद- आईसीएआर और ब्राजील के समकक्ष कई क्षेत्रों में सहयोग करेंगे।
कृषि मंत्री ने कहा कि ब्राजील ने प्राकृतिक और जैविक खेती में काफी रुचि दिखाई है और भारत इन क्षेत्रों में ब्राजील के साथ बातचीत कर रहा है। उन्होंने बताया कि भारत दलहन, तिलहन और एकीकृत खेती पर तेजी से काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि ब्राजील भारत में उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने के लिए सहमत हो गया है।