केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आज उत्तरी मुंबई के बोरीवली में दिव्यांग बच्चों के लिए एम० पी० क्रीड़ा महोत्सव का उद्घाटन किया। केंद्रीय मंत्री गोयल ने इसे एक प्रेरणा देने वाला और शानदार खेल उत्सव बताते हुए प्रशिक्षकों, खिलाडियों, अभिभावकों और आयोजनकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की।
इस खेल उत्सव में 450 से अधिक खिलाडियों, 900 अभिभावकों और 200 कार्यकर्ताओं ने 50 मीटर और 100 मीटर दौड, गोला फेंक, लम्बी कूद, पावरलिफ्टिंग तथा क्रिकेट जैसी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
केंद्रीय मंत्री गोयल ने प्रतिस्पर्धियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि खेल में कोई हार नहीं होती – सिर्फ़ जीत होती है या सीखा जाता है। उन्होंने भरोसा जताया कि उत्तरी मुंबई के दिव्यांग युवा भविष्य में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने खिलाडियों के कौशल को बेहतर बनाने के लिए अच्छा प्रशिक्षण और सुविधाओं तथा बेहतर योजना के साथ तैयार की गई रणनीति की जरूरत पर बल दिया।