केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी आज एक दिवसीय दौरे पर झारखंड आयेंगे। वे रांची में रातू रोड एलिवेटेड कोरिडोर और गढ़वा बाईपास जनता को समर्पित करेंगे। श्री गडकरी के आगमन को लेकर सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। केन्द्रीय मंत्री राज्य को 6,300 करोड़ की सड़क परियोजनाओं की सौगात देने वाले हैं। रांची में मुख्य समारोह ओटीसी ग्राउंड में होगा, जहां वे एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। रांची के एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि केन्द्रीय मंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये गये हैं।
केंद्रीय मंत्री के आगमन के मद्देनजर आज शहर की यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक शहर में मालवाहक वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। वहीं, शहरी क्षेत्र में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक वाहनों की आवाजाही और प्रवेश पर भी रोक लगाई गई है।