केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से की गई सात सशक्त अपीलों का पालन करने का आग्रह किया है। डॉ. सिंह आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री मोदी ने कल देशवासियों से सात अपीलें की थीं, जिसमें वर्क फ्राम होम को प्राथमिकता देना, ईंधन की खपत कम करना, एक वर्ष तक विदेश यात्रा से बचने और स्वदेशी उत्पादों को अपनाना शामिल था। उन्होंने नागरिकों से खाना पकाने के तेल की खपत कम करने, प्राकृतिक खेती को बढावा देने तथा सोने की अनावश्यक खरीदारी से बचने का भी आग्रह किया था।
इस अवसर पर डॉ. सिंह ने कहा कि आज ही के दिन वर्ष 1998 में पोखरण में तीन परमाणु परीक्षण किए गए थे। डॉ. सिंह ने बताया कि पिछले एक दशक में भारत का रक्षा उत्पादन 174 गुना बढ़कर एक लाख 54 हजार करोड़ रुपये हो गया है। पिछले एक दशक में रक्षा निर्यात में 34 गुना वृद्धि हुई है। उन्होंने सार्वजनिक-निजी संबंधों को और मजबूत करने की आवश्यकता पर भी बल दिया। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि 2014 में देश में लगभग 350 स्टार्टअप थे, लेकिन आज देश में दो लाख से अधिक स्टार्टअप हैं।
इस दौरान, प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार प्रोफेसर अजय कुमार सूद ने कहा कि राष्ट्रीय अनुसंधान फाउंडेशन, डीपटेक और एआई मिशन, क्वांटम तथा सेमीकंडक्टर मिशन और बायो-ई3 का उल्लेख करते हुए कहा कि देश नवाचार का ऐसा ढांचा तैयार कर रहा है जिसकी बराबरी कुछ ही देश कर सकते हैं।