जुलाई 6, 2025 3:44 अपराह्न

printer

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने दिल्ली में 1200 से अधिक नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज राष्ट्रीय राजधानी में 1200 से अधिक नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस मौके पर उनके साथ दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद थीं।  कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री नड्डा ने कहा कि आज देश की स्वास्थ्य नीति उपचारात्मक उपचार से निवारक उपचार की ओर बढ़ गई है।

 

स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री ने कहा कि दिल्‍ली में बन रहे आरोग्य मंदिर स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती देंगे। उन्‍होंने कहा कि यहां 30 वर्ष से अधिक आयु के वयस्कों को निःशुल्क जांच की सुविधा प्रदान की जाएगी। इससे कैंसर, मधुमेह और उच्च रक्तचाप के उपचार में मदद मिलेगी।

 

इस अवसर पर दिल्‍ली की मुख्‍यमंत्री रेखा गुप्‍ता ने बताया कि राष्‍ट्रीय राजधानी में प्रति माह एक सौ आरोग्‍य मंदिर शुरू किए जाएंगे।

 

श्री नड्डा और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आयुष्मान भारत पंजीकरण वैन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।