जुलाई 19, 2025 9:42 अपराह्न

printer

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बिहार से पलायन के मुद्दे पर राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस की आलोचना की

लोक जनशक्ति पार्टी – रामविलास के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने आज बिहार से पलायन के मुद्दे पर राष्ट्रीय जनता दल -और कांग्रेस की आलोचना की। बिहार के मुंगेर में पार्टी  की एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राजद और कांग्रेस के पंद्रह वर्ष के कार्यकाल में बिहार से लोग पलायन को मजबूर हुए। इस दौरान लोग शिक्षा से भी वंचित रहे, वहीं अब ये दल रोज़गार की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में ऐसे नेताओं से पूछा जाना चाहिए कि उन्होंने अपने शासन के दौरान बिहार के लिए क्या किया। श्री पासवान ने कहा कि जहाँ बिहार प्रगति की बात कर रहा है, वहीं विपक्षी दल जाति और धर्म जैसे विभाजनकारी मुद्दों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। श्री पासवान ने राज्य में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने इसे एक साजिश बताया और कहा कि प्रशासन कार्रवाई के लिए जवाबदेह है। उन्होंने अपराधियों को कड़ी से कड़ी सज़ा देने की माँग की।