अप्रैल 28, 2024 1:58 अपराह्न

printer

केंद्रीय मंत्री और वरिष्‍ठ भाजपा नेता राजनाथ सिंह ने कहा- यह आम चुनाव एक मजबूत और विश्‍वसनीय लोकतंत्र का सशक्त मानक बनेगा  

केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी का घोषणा-पत्र एक नया, आत्‍मनिर्भर और विकसित भारत बनाने की गारंटी है। आज अहमदाबाद में संवाददाताओं से उन्होंने कहा कि मौजूदा लोकसभा चुनाव एक मजबूत और विश्‍वसनीय लोकतंत्र का सशक्त मानक बनेगा। 

उन्‍होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने देश को भ्रष्‍टाचार-मुक्‍त किया और देश के 25 करोड़ लोगों को गरीबी-रेखा से बाहर निकाला। श्री सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के 2014 में सत्ता में आने के बाद से प्रवर्तन निदेशालय ने एक लाख करोड़ रुपये की संपत्ति जब्‍त की है। 

उन्‍होंने कांग्रेस पर 50 वर्ष तक सत्तारूढ़ रहने के बावजूद गरीबी मिटाने में विफल रहने का आरोप लगाया। श्री सिंह ने इस बात पर बल दिया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने अगले दस वर्षों में देश से गरीबी हटाने का लक्ष्‍य रखा है। उन्‍होंने कहा कि गरीब परिवार का व्यक्ति अपनी क्षमता और योग्यता से देश का प्रधानमंत्री बन जाए यह लोकतंत्र की असली ताकत है।