इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज नई दिल्ली में नॉर्वे की डिजिटल और लोक प्रशासन मंत्री कैरिएन ओल्डर्नेस तुंग से मुलाकात की। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में श्री वैष्णव ने बताया कि उन्होंने इंटरनेट पर बच्चों की सुरक्षा के उपायों और भारत से सीखने के नॉर्वे के रुझान पर चर्चा की। इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री ने यूरोपीय आयोग की तकनीकी संप्रभुता, सुरक्षा और लोकतंत्र की कार्यकारी उपाध्यक्ष हेन्ना विर्ककुनेन से भी मुलाकात की।
बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने, सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स सहयोग को मजबूत करने, सोशल मीडिया पर बच्चों की सुरक्षा संबंधी पद्धतियों को साझा करने और विषय सामग्री तैयार करने वालों की सुरक्षा पर चर्चा की। श्री वैष्णव ने फिजी के पुलिस और संचार मंत्री इओने नैवलुरुआ से भी मुलाकात की और यूपीआई, आधार और डिजिलॉकर सहित डीपीआई प्रणालियों को अपनाने के साथ-साथ फिजी में एआई कौशल और क्षमता निर्माण के लिए भारत के समर्थन पर चर्चा की। एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में क्वालकॉम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रिस्टियानो आर. एमोन के साथ मुलाकात में श्री वैष्णव ने देश की डिज़ाइन प्रतिभा और प्रौद्योगिकी के सह-विकास पर चर्चा की, जो नवाचार साझेदारी के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
श्री वैष्णव ने एनवीडिया के कार्यकारी उपाध्यक्ष जय पुरी से भी मुलाकात की। उन्होंने भारतीय स्टार्टअप और उद्यमों के साथ साझेदारी में एआई मॉडल और कंप्यूट अवसंरचना में निवेश करने की एनवीडिया की योजनाओं पर चर्चा की। ब्रिटेन के एआई और ऑनलाइन सुरक्षा मंत्री कनिष्क नारायण के साथ मुलाकात के दौरान श्री वैष्णव ने सेमीकंडक्टर और अनुसंधान और विकास में साझेदारी पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान श्री नारायण ने भारत की अद्वितीय प्रतिभा की सराहना की।