इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि एआई इम्पैक्ट समिट कई मायनों में सफल रहा है। नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत में वैष्णव ने कहा कि पांच लाख से अधिक लोगों ने इस प्रदर्शनी का आनंद लिया, बहुत कुछ सीखा और दुनिया भर के कई विशेषज्ञों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि दुनिया के लगभग सभी प्रमुख एआई क्षेत्र से जुड़े लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। वैष्णव ने कहा कि कई स्टार्टअप्स को अपना काम प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
उन्होंने बताया कि निवेशकों द्वारा निवेश के कई वादे किए गए हैं, जो बुनियादी ढांचे से संबंधित निवेशों के लिए 250 अरब अमरीकी डॉलर और वेंचर कैपिटल डीप टेक निवेशों के लिए लगभग 20 अरब अमरीकी डॉलर से अधिक हैं। अश्विनी वैष्णव ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सभी प्रमुख देशों ने इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किए हैं। उन्होंने कहा कि 70 से अधिक देशों ने पहले ही घोषणापत्र पर हस्ताक्षर कर दिए हैं और यह संख्या 80 से अधिक होने की उम्मीद है।
वैष्णव ने सम्मेलन का समर्थन करने वाले युवाओं को भी धन्यवाद दिया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भी इस आयोजन को बड़ी सफलता बताया। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में 20 विश्व नेताओं ने भाग लिया और मंत्रिस्तरीय स्तर पर दुनिया भर से 45 शिष्टमंडलों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि इस विशेष सम्मेलन में सौ देशों का प्रतिनिधित्व था, जिसमें विकासशील और अल्पविकसित देशों-ग्लोब साउथ पर विशेष ध्यान दिया गया।