फ़रवरी 9, 2026 12:21 अपराह्न

printer

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पश्चिम बंगाल में कई महत्वपूर्ण रेलवे परियोजनाओं का किया उद्घाटन और लोकार्पण

केंद्रीय रेल, सूचना और प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्यौगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पश्चिम बंगाल में कई महत्वपूर्ण रेलवे परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण किया। श्री वैष्णव ने सूरी रोड ओवरब्रिज का उद्घाटन किया, आसनसोल के कुमारपुर रोड ओवरब्रिज को राष्ट्र को समर्पित किया और नई आसनसोल-बोकारो ट्रेन सेवा को झंडी दिखाकर रवाना किया। विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी और वरिष्ठ रेलवे अधिकारी उद्घाटन समारोह में उपस्थित थे। सूरी रोड ओवरब्रिज से नागरिकों के लिए आवागमन सुविधाजनक होने की उम्मीद है। वहीं, कुमारपुर रोड ओवरब्रिज से औद्योगिक क्षेत्र में व्यापार सुगम होगा और भीड़भाड़ कम होगी।

आसनसोल और बोकारो स्टील सिटी के बीच शुरू की गई रेल सेवा क्षेत्रीय संपर्क को महत्वपूर्ण बढ़ावा देती है। यह ट्रेन पश्चिम बर्दवान, पुरुलिया और बोकारो जिलों से होकर गुजरेगी। इस सेवा से हजारों औद्योगिक श्रमिकों और दैनिक यात्रियों को लाभ होगा, जिससे आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा और पश्चिम बंगाल तथा झारखंड के बीच अंतरराज्यीय संबंध मजबूत होंगे।