केंद्रीय विधि और न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने आज नई दिल्ली में विधिक सूचना प्रबंधन और ब्रीफिंग प्रणाली के सजीव मुकद्मा डैशबोर्ड का उद्घाटन किया। श्री मेघवाल ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य सरकारी मुकद्मेबाजी प्रबंधन में पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और दक्षता बढ़ाना है। श्री मेघवाल ने कहा कि इस डैशबोर्ड के माध्यम से, सरकार ने एक सूचना व्यवस्था विकसित की है। यह अगले सात दिनों में भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों से संबंधित किसी भी मामले की सर्वोच्च न्यायालय, उच्च न्यायालयों और अन्य अदालतों में सुनवाई के लिए विवरण प्रदान करता है। उन्होंने यह भी कहा कि अधिकारी और मंत्री अपने कार्यालय से सीधे अपने डैशबोर्ड के माध्यम से इस जानकारी की निगरानी कर सकते हैं और अगले सप्ताह आने वाले मामलों पर अपडेट प्राप्त कर सकते हैं।
यह डैशबोर्ड अदालती मामलों का वास्तविक समय डेटा चित्रण और आगामी सुनवाई वाले मामलों का अवलोकन प्रदान करता है। इससे सक्रिय निर्णय लेने और बेहतर अंतर-मंत्रालयी समन्वय को बढ़ावा मिलता है। वर्तमान में, इस डैशबोर्ड पोर्टल पर 53 मंत्रालयों और विभागों के लगभग 7 लाख सजीव मामले उपलब्ध हैं। यह डैशबोर्ड कुशल कानूनी मामलों के प्रबंधन, डेटा-आधारित परिणाम और बेहतर प्रशासनिक परिणामों के लिए प्रौद्योगिकी का लाभ उठाने की सरकार की प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है।
Site Admin | अक्टूबर 14, 2025 6:47 अपराह्न
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने विधिक सूचना प्रबंधन प्रणाली के सजीव मुकदमा डैशबोर्ड का उद्घाटन किया