गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज गांधीनगर के महात्मा मंदिर में एक उच्च स्तरीय राष्ट्रीय सम्मेलन “मंथन” का उद्घाटन किया। इस बैठक में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सहकारिता मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भाग ले रहे हैं।
दिन भर चलने वाली इस बैठक में केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह विश्व की सबसे बड़ी अनाज भंडारण योजना के अंतर्गत दो लाख नए बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि ऋण समितियां-पीएसीएस की स्थापना और बेहतर अनाज भंडारण के लिए आधुनिक गोदामों के राष्ट्रव्यापी विस्तार की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
सम्मेलन में सहकारी बैंकों के डिजिटलीकरण, राज्य सहकारी कानूनों में सुधार और अमूल तथा एनडीडीबी के सहयोग से डेयरी नेटवर्क के विस्तार पर भी विचार-विमर्श होगा।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि श्री शाह ने गुजरात की 258 करोड़ रुपये की पांच सहकारी परियोजनाओं का वर्चुअल उद्घाटन किया और सावरकुंडला और पाटन में स्थित विशाल गोदाम सहित 7 करोड़ रुपये से अधिक की दो परियोजनाओं की आधारशिला रखी।