केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए झारखंड के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि बजट 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के अनुरूप है और इसका विस्तृत आंकलन बाद में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बजट में आर्थिक विकास को गति देने, उत्पादन बढ़ाने, आय में वृद्धि करने और रोजगार सृजन पर विशेष बल दिया गया है। इसमें जैव-औषधीय और दवा क्षेत्र को मजबूत करने के लिए प्रमुख पहल शामिल हैं।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रत्येक जिले में बालिका छात्रावास बनाने की घोषणा को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इससे छात्राओं को होने वाली कई चुनौतियों का समाधान होगा।
हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल ने केंद्रीय बजट को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह विकसित भारत के संकल्प को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। उन्होंने कहा कि बजट केवल आय और व्यय का वार्षिक विवरण नहीं है, बल्कि समावेशी और आत्मनिर्भर विकास की दिशा में एक मजबूत रोडमैप है। सांसद मनीष जायसवाल ने राजकोषीय अनुशासन के साथ-साथ सार्वजनिक पूंजीगत व्यय को बढ़ाकर 12 दशमलव दो लाख करोड़ रुपये करने की सराहना की। उन्होंने कहा कि इससे बुनियादी ढांचे के विकास, रोजगार सृजन और दीर्घकालिक आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।