फ़रवरी 1, 2026 8:59 अपराह्न

printer

केंद्रीय बजट 2026-27 विकसित भारत के लिए रोडमैप तैयार करेगा: केन्द्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव

रेल, इलेक्‍ट्रॉनिक्‍स और सूचना प्रौद्योगिकी तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने केंद्रीय बजट 2026-27 की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह विकसित भारत के लिए रोडमैप तैयार करेगा। नई दिल्ली में एक संवाददाता सम्‍मेलन में मंत्री वैष्णव ने कहा कि इस साल रेलवे को दो लाख 78 हजार करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। उन्होंने कहा कि बजट में रेलवे के लिए कुल दो लाख 93 हजार करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय प्रदान किया गया है।

मंत्री वैष्णव ने कहा कि कुल बजट में से एक लाख 20 हजार करोड़ रुपये यात्री और रेलवे सुरक्षा पर खर्च किए जाएंगे। उन्होंने बजट में देशभर में सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर विकसित करने की घोषणा पर भी खुशी जताई। इन सातों कॉरिडोर में मुंबई-पुणे, पुणे-हैदराबाद, हैदराबाद-बेंगलुरु, हैदराबाद-चेन्नई, चेन्नई-बेंगलुरु, दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलीगुड़ी शामिल हैं। कॉरिडोर की कुल लंबाई लगभग चार हजार किलोमीटर होगी और इससे 16 लाख करोड़ रुपये का निवेश प्राप्‍त होगा।

सूचना और प्रसारण मंत्रालय के लिए बजटीय प्रावधानों के बारे में बात करते हुए, मंत्री वैष्णव ने कहा कि सरकार ने मुंबई के इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्नोलॉजीज को 15 हजार माध्यमिक स्कूलों और 500 कॉलेजों में एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स- एवीजीसी कंटेंट क्रिएटर लैब स्थापित करने में सहायता प्रदान करने का प्रस्ताव दिया है।

इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी क्षेत्र के लिए, मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस क्षेत्र में चार प्रमुख घोषणाएं की गई हैं। मंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग योजना के लिए आवंटन 22 हजार करोड़ रुपये से बढ़ाकर 40 हजार करोड़ रुपये कर दिया गया है। मंत्री वैष्णव ने कहा कि देश के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन का दूसरा चरण शुरू किया जाएगा।