भारतीय स्टेट बैंक(एसबीआई) के अध्यक्ष चल्ला श्रीनिवासुलु सेट्टी ने कहा है कि केंद्रीय बजट 2026-27 देश को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के साथ नवाचार और उन्नत विनिर्माण का वैश्विक केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। श्री सेट्टी ने कहा कि इस वर्ष बजट में नीतिगत निरंतरता और कर पूर्वानुमान बनाए रखा गया है। इसमें ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों तथा पारंपरिक और उभरते क्षेत्रों के बीच संतुलन बनाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि अब चंदन, काजू और मत्स्य पालन उद्योग जैसे उच्च मूल्य वाले उत्पादों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सेवाओं, पर्यटन, रचनात्मक अर्थव्यवस्था और शिक्षा पर जोर देना समयोचित और बुनियादी ढांचे के विस्तार तथा कनेक्टिविटी का पूरक है।