केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री के० राम मोहन नायडु ने आंध्रप्रदेश के अरसावल्ली में ऐतिहासिक श्री सूर्यनारायणा स्वामी मंदिर में राज्य उत्सव के रूप में आयोजित सूर्य जयंती समारोह पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह उत्सव भारतीय संस्कृति और परम्परा से जुड़ा है। यह आध्यात्मिक मूल्यों को संरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। श्री नायडु ने कहा कि प्रगति के अलावा आध्यात्मिकता से निर्देशित भारत का विकास उज्ज्वल और असाधारण भविष्य का वचन देता है।
केन्द्रीय मंत्री ने आज तड़के रथ सप्तमी समारोह में भागीदारी की। उन्होंने रथ सप्तमी के अवसर पर क्षीराभिषेकम और अन्य विशेष अनुष्ठानों में भी भाग लिया। केन्द्रीय मंत्री ने आश्वस्त किया कि अरसावल्ली मंदिर को केन्द्रर सरकार की निधि से और विकसित किया जाएगा। श्री नायडु ने घोषणा की कि वे श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं में सुधार के लिए मंदिर को ‘प्रसाद’ योजना के अंतर्गत लाने का दायित्व लेंगे।