केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल ने लोगों से कल सुबह 9 बजे से स्वच्छता के लिए एक घंटे का श्रमदान करने का आग्रह किया है। आज नई दिल्ली में स्वच्छ भारत दिवस 2024 पर एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री पाटिल ने स्वच्छ भारत मिशन की प्रगति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सहयोग से मिशन ने देश भर में स्वच्छता को बढावा दिया है। इस अभियान के दौरान खुले में शौच मुक्त करने के लिए ठोस और तरल अपशिष्ट प्रबंधन में व्यापाक कार्य किया है। उन्होंने कहा कि देशभर में 24 लाख से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं और स्वच्छता ही सेवा अभियान 2024 में अब तक 20 करोड़ से अधिक लोगों ने भाग लिया है। इस वर्ष देश भर में 38 लाख से अधिक सफाई मित्र इस अभियान में शामिल हुए हैं।
श्री पाटिल ने कहा कि इस अभियान में देश भर की राज्य सरकारों, स्थानीय अधिकारियों और सामुदायिक समूहों की सक्रिय भागीदारी देखी गई है। दो अक्टूबर 2024 को 155वीं गांधी जयंती पर स्वच्छता ही सेवा अभियान का समापन होगा जो 17 सितम्बर से शुरू किया गया था।