केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह कल मुंबई में मझगांव गोदी पर, गहरे समुद्र में मछली पकड़ने में इस्तेमाल किए जाने वाले अत्याधुनिक डीप-सी फिशिंग वेसल्स वितरित करेंगे। यह सहकारी नेतृत्व वाले डीप-सी फिशिंग में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर होगा जो मत्स्य पालन क्षेत्र में आत्मनिर्भरता, स्थिरता और सहकारी समितियों को सशक्त बनाने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता का प्रतीक होगा।
महाराष्ट्र सरकार, राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (एनसीडीसी) और मत्स्य पालन विभाग, भारत सरकार के वित्तीय सहयोग से 1 करोड़ 20 लाख रुपये की प्रति यूनिट लागत वाले डीप-सी फिशिंग वेसल्स प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत लाभार्थियों को दिए जा रहे हैं। यह पहल आत्मनिर्भर भारत के विजन को साकार करने और समुद्री अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।