केंद्रीय कैबिनेट ने बिहार -झारखंड को रेलवे से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात दी है। इस संबंध में मंडल रेल प्रबंधक जेएस बिंद्रा ने रांची में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बताया कि विक्रमशिला कटरिया रेलवे ब्रिज परियोजना को कैबिनेट से स्वीकृति मिल गई है। इस प्रोजेक्ट से नॉर्थ बिहार, साउथ बिहार और झारखंड को काफी फायदा मिलेगा। कैबिनेट की मिली स्वीकृति के तहत विक्रमशिला कटरिया रेल ब्रिज लगभग 26 किलोमीटर का होगा जिसकी लागत लगभग 2 हजार 549 करोड़ होगी। मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि इस परियोजना के तहत 22 लाख मानव दिवस का रोजगार सृजन होगा। उन्होंने बताया कि विक्रमशिला कटरिया ब्रिज, भागलपुर साहिबगंज लाइन और कटिहार बरौनी लाइन के बीच एक लिंक की तरह काम करेगा। मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि चकुलिया और बुरामारा प्रोजेक्ट को भी स्वीकृति मिली है। इसके तहत झारखंड के ईस्ट सिंहभूम स्थित चकुलिया और उड़ीसा के बीच बेहतर संपर्क स्थापित होगा। उन्होंने बताया कि पैरेलल कोल कॉरिडोर बनाने की भी परियोजना है।
Site Admin | अगस्त 10, 2024 8:17 अपराह्न
केंद्रीय कैबिनेट ने बिहार -झारखंड को रेलवे से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात दी