फ़रवरी 17, 2026 2:15 अपराह्न

printer

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों को सशक्त और सूचना-समृद्ध बनाने के उद्देश्य से भारत-विस्तार नामक डिजिटल पहल का शुभारंभ किया

केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज जयपुर से किसानों के लिए डिजिटल सहयोगी ‘भारत विस्तार’ का शुभारंभ किया।

इस पहल का उद्देश्य किसानों को स्मार्ट, सशक्त और सूचना-समृद्ध बनाना है। इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से किसान अपने मोबाइल फोन से एक ही कॉल में सभी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

इस अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री ने इसे कृषि क्षेत्र में डिजिटल क्रांति की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस पहल से किसानों को फसल आधारित वैज्ञानिक सलाह, मंडी मूल्य और मौसम संबंधी जानकारी मिलेगी।

उन्होंने कहा कि यह पहल डिजिटल इंडिया के सपने को ग्रामीण भारत तक पहुंचाने में निर्णायक साबित होगी। श्री चौहान ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए उन्हें न केवल कृषि से बल्कि पशुपालन से भी जोड़ना आवश्यक है, जिसके लिए प्रौद्योगिकी अत्‍यंत  महत्वपूर्ण है।

 राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस डिजिटल पहल को किसान क्रांति की शुरुआत बताया और किसानों से इसका भरपूर लाभ उठाने का आग्रह किया।

दुर्गापुरा स्थित राज्य कृषि प्रबंधन संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में राज्य के कृषि मंत्री डॉ. किरोडी लाल मीणा ने कहा कि किसानों को एक एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उनकी अपनी भाषा में व्यापक कृषि सेवाएं और जानकारी प्राप्त होगी।