केंद्रीय कपड़ा मंत्री पीयूष गोयल ने आज मुंबई में एक कार्यक्रम में राष्ट्रीय कपड़ा निगम (एनटीसी) की मिलों में काम करने वाले कर्मचारियों का बकाया वेतन जारी किया। इन कर्मचारियों ने कोविड-19 महामारी के दौरान आधे वेतन पर काम किया था।
श्री गोयल ने ट्रांसफरेबल डेवेलपमेंट राइट्स – टीडीआर प्रणाली को समझने और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए एनटीसी टीम के प्रयासों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि चुनौतियों के बावजूद, वे टीडीआर बेचने में कामयाब रहे जिससे सरकार एनसीटी कर्मचारियों का दिसंबर 2021 तक का बकाया वेतन देने में सक्षम हो गई।
श्री गोयल ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि अगस्त 2022 तक के उनके वेतन के बकाए का शेष 50 प्रतिशत भुगतान अगले 30 से 40 दिनों के भीतर हो जाएगा। उन्होंने एनटीसी कर्मियों के घरों के पुनर्वास का भी आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने इसपर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है और पुनर्वास परियोजना के लिए जल्द ही मंजूरी मिल जाएगी।