कुवैत से हैदराबाद आ रहे इंडिगो के एक विमान की आज सुबह 7:45 पर मुंबई के शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। अधिकारियों को एक ईमेल में चेतावनी दी गई थी कि उड़ान संख्या 6ई-1234 के विमान में मानव बम है। अधिकारियों ने बताया कि विमान को सुरक्षित रूप से उतारा गया और गहन सुरक्षा जांच के लिए अलग खड़ा किया गया।
हवाई अड्डे और एयरलाइन के अधिकारी घटना की जांच कर रहे हैं और ब्यौरे की प्रतीक्षा है। इससे पहले, 12 नवंबर को भी इंडिगो के शिकायत पोर्टल पर अफवाह फैलाने के लिए बम संबंधी एक ईमेल प्राप्त हुआ था, जिसके बाद दिल्ली के इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर हाई अलर्ट जारी किया गया था।