जनवरी 10, 2026 9:18 अपराह्न

printer

किसी भी राज्य के विकास में कानून व्यवस्था की अहम भूमिका होती है: गृहमंत्री शाह

केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि किसी भी राज्य के विकास में कानून व्यवस्था की अहम भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि बेहतर कानून व्यवस्था वाले राज्य निवेशकों को अधिक आकर्षित करते हैं। 

जयपुर में आज दोपहर कांस्टेबल नियुक्ति समारोह को संबोधित करते हुए गृहमंत्री शाह ने कहा कि कई चुनौतियों के बावजूद राजस्थान सरकार ने कानून व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया है। इससे राज्य अब निवेशकों के लिए पसंदीदा गंतव्य के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान का भविष्य उज्ज्वल है।

गृह मंत्री ने कहा कि किसी राज्य की प्रगति तभी होती है जब युवाओं को बिना सिफारिश, बिना भ्रष्टाचार और पूरी तरह पारदर्शी चयन प्रक्रिया के माध्यम से नौकरियां दी जाती हैं। गृहमंत्री शाह ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया भ्रष्टाचार मुक्त और निष्पक्ष होनी चाहिए। उन्‍होंने कहा कि भजनलाल की नेतृत्व वाली सरकार ने राजस्थान के युवाओं को कागजात लीक की समस्या से मुक्ति दिलाई है।

    नई भारतीय न्याय संहिता की विशेषताओं का उल्‍लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्णतः लागू होने के बाद एफआईआर दर्ज होने के तीन साल के भीतर मामलों की सुनवाई सर्वोच्च न्यायालय तक की जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे बार-बार सुनवाई स्थगित होने की पुरानी प्रथा समाप्त हो जाएगी।

    इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि उनकी सरकार पुलिस बल के आधुनिकीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के दौरान गृह मंत्री ने राजस्थान पुलिस के दस हजार नव-भर्ती कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र सौंपे।