केंद्र सरकार ने वर्ष 2024-25 के दौरान किसानों की कृषि संबंधी जरूरतों को समय पर पूरा करने के लिए उर्वरकों की रिकॉर्ड उपलब्धता सुनिश्चित की थी। रसायन और उर्वरक मंत्रालय ने बताया कि उर्वरकों की अनुमानित राष्ट्रीय आवश्यकता लगभग एक अरब 52 करोड़ 50 लाख बोरियों के मुकाबले सरकार ने लगभग एक अरब 76 करोड़ 79 लाख बोरियों की उपलब्धता सुनिश्चित की। मंत्रालय ने कहा कि यह अतिरिक्त उपलब्धता किसानों को सहयोग देने और देश भर में निर्बाध कृषि गतिविधियों को बनाए रखने के प्रति सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाती है। मंत्रालय ने कहा कि यह उपलब्धि रेलवे अधिकारियों, बंदरगाह अधिकारियों, राज्य सरकारों और उर्वरक कंपनियों के बीच घनिष्ठ समन्वय के कारण संभव हुई। मंत्रालय ने बताया कि उसने उर्वरक कंपनियों के साथ नियमित समीक्षा बैठकें कीं, मांग और आपूर्ति की लगातार निगरानी की और आपूर्ति संबंधी समस्याओं का तुरंत समाधान किया। इन सक्रिय कदमों से यह सुनिश्चित हुआ कि देश के किसी भी क्षेत्र में उर्वरकों की कमी न हो।
Site Admin | जनवरी 16, 2026 7:04 अपराह्न
किसानों की कृषि जरूरतों को पूरा करने के लिए 2024-25 में उर्वरकों की रिकॉर्ड आपूर्ति