छत्तीसगढ़ में हाल ही में कांग्रेस से भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुई बिलासपुर की पूर्व महापौर वाणी राव, महिला कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय सचिव और महासमुंद की पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिता रावटे, महासमुंद की जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा पटेल और अरुणा शुक्ला ने आज रायपुर स्थित भाजपा कार्यालय में एक पत्रकार-वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने सदैव महिलाओं के साथ छल किया है।
भाजपा नेत्रियों ने कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं के लिए जितने भी वादे किए, उनमें से एक भी वादा पूरा नहीं किया। इन महिला नेत्रियों ने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में महिलाओं को एक लाख रूपये सालाना देने की बात कही है। लेकिन, कांग्रेस को देश को यह बताना चाहिए कि वह महिलाओं को पचास लाख करोड़ रुपए सालाना कैसे देगी, जबकि देश का कुल बजट ही इतनी राशि का होता है।
इन महिला नेताओं ने कहा कि कांग्रेस ने महतारी सम्मान योजना के तहत प्रतिमाह पांच सौ रुपए और विधवा तथा वृद्ध महिलाओं को एक हजार रुपए देने का वादा किया था। लेकिन, प्रदेश में अपने शासनकाल के दौरान पांच साल में एक रुपया तक महिलाओं को नहीं दिया गया।