कांग्रेस ने आज पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र औपचारिक रूप से जारी कर दिया। कोलकाता में संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने घोषणा पत्र जारी करते हुए कहा कि यह राज्य के विकास की दृष्टि और गति को दर्शाता है। पार्टी द्वारा किए गए प्रमुख वादों में महिलाओं के लिए दो हजार रुपये मासिक सहायता और किसानों के लिए 15 हजार रुपये की वित्तीय सहायता शामिल है। श्री खरगे ने कहा कि उनका सबसे महत्वपूर्ण उद्देश्य राज्य का आर्थिक पुनर्गठन है। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस सरकार के विकास कार्यों में विफलता की आलोचना की और भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर भी तीखा हमला बोला। इस कार्यक्रम में पार्टी प्रदेश अध्यक्ष शुभंकर सरकार, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव गुलाम अहमद मीर और अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।
News On AIR | अप्रैल 7, 2026 9:24 अपराह्न
कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र जारी किया