कश्मीर घाटी में रुक-रुक कर हो रही बारिश के बीच पवित्र अमरनाथ गुफा मंदिर में हज़ारों श्रद्धालु दर्शन कर रहे हैं। अभी तक एक लाख 45 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। 3 जुलाई से शुरू हुई यात्रा के आठवें दिन कल 17 हज़ार 22 तीर्थयात्रियों ने अमरनाथ गुफा के दर्शन किए। इसके साथ ही इस वर्ष पवित्र गुफा में दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों की कुल संख्या 1 लाख 45 हज़ार 716 हो गई है।
इस बीच, आज तड़के कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच छह हजार चार सौ 82 तीर्थयात्रियों का दसवां जत्था भगवती नगर आधार शिविर जम्मू से रवाना हुआ। भगवान शिव की पवित्र छड़ी ‘छड़ी मुबारक’ कल पहलगाम पहुंचने के साथ ही अमरनाथ यात्रा से जुड़े प्रमुख पारंपरिक अनुष्ठान शुरू हो गए।
इस वर्ष 4 लाख से ज़्यादा तीर्थयात्रियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। यह यात्रा 9 अगस्त को समाप्त होगी। पिछले वर्ष 52 दिनों की यात्रा के दौरान पांच लाख दस हजार से ज़्यादा तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए थे, जो हाल के वर्षों में श्रद्धालुओं की सबसे ज़्यादा संख्या रही।