अगस्त 12, 2025 12:14 अपराह्न

printer

कल नई दिल्ली में होगी आईएसएमआर की तीसरे दौर की बैठक

 
भारत-सिंगापुर मंत्रिस्‍तरीय गोलमेज (आईएसएमआर) की तीसरे दौर की बैठक कल नई दिल्‍ली में होने जा रही है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्‍णव, डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर, निर्मला सीतारामन और पीयूष गोयल इस गोलमेज बैठक में शामिल होंगे। विदेश मंत्रालय ने एक वक्‍तव्‍य में बताया कि सिंगापुर के उपप्रधानमंत्री गान किम योंग और विदेश मंत्री जोसेफिन टियो सहित सिंगापुर के कई मंत्री इस मंत्रिस्‍तरीय गोलमेज बैठक में शामिल होंगे।
 
 
मंत्रालय ने बताया कि भारत और सिंगापुर एक व्‍यापक रणनीतिक साझेदारी साझा करते हैं। तीसरे दौर की आईएसएमआर बैठक हमारे द्विपक्षीय सम्‍बंधों को और विस्‍तार देने और प्रगाढ़ बनाने की संभावनाओं की पहचान करेगी। विदेश मंत्रालय के अनुसार आईएसएमआर भारत-सिंगापुर सहयोग के लिए एक नया एजेंडा निर्धारित करने के लिए एक अद्भुत तंत्र है। आईएसएमआर की उद्घाटन बैठक सितम्‍बर 2022 में नई दिल्‍ली में हुई थी।